Monday, February 29, 2016

भक्तिवन्त तैसे झुके....

फल से तरु नीचे झुके, जलधर भी झुक जाहिं।
भक्तिवन्त तैसे झुके, भक्ति सम्पदा पाहिं।।

अर्थः-वृक्ष पर जब फल लगते हैं तो जितने ही अधिक फल लगते हैं, उसकी शाखायें उतनी ही अधिक झुक जाती हैं। ऐसे ही जल से भरे हुये मेघ भी धरती की ओर झुकते हैं। ठीक इसी प्रकार जो भक्ति मान पुरुष होता है, वह भक्ति की सम्पदा प्राप्त करके झुक जाता है अर्थात् विनम्र बन जाता है।

Sunday, February 28, 2016

हंसा बगुला एक सा

हंसा बगुला एक सा, मानसरोवर माहिं।
बग ढिंढोरै माछरी, हंसा मोती खाहिं।।
जा माया भक्तन तजी, ताहि चहै संसार।
भक्तन भक्ति प्यारी है, और न चित्त विचार।।

अर्थः-""हंस और बगुला दोनों मानसरोवर में रहते हैं, परन्तु हंस तो अपने स्वभाव के कारण मोती का आहार करते हैं जबकि बगुले मछली ढूँढते हैं। भाव यह कि भक्तजन और आम संसारी मनुष्य संसार में ही रहते हैं, परन्तु भक्त जन हंस की न्यार्इं भक्ति के मोती चुगते हैं जबकि आम संसारी मनुष्य माया रुपी मछली की प्राप्ति के यत्न में ही लगे रहते हैं।'' ""जिस माया को भक्तजन अति तुच्छ समझकर त्याग देते हैं, संसारी लोग उसी माया की कामना करते हैं। भक्तों को तो केवल मालिक की भक्ति ही प्रिय है। इसके अतिरिक्त उनके मन में अन्य कोई विचार उठता ही नहीं।''

Saturday, February 27, 2016

करनी-कथनी

करनी बिन कथनी इती, ज्यों ससि बिन रजनी।
बिन साहस जिमि सूरमा, भूषण बिन सजनी।।
बाँझ झुलावे पालना, बालक नहीं माहीं।
वस्तु विहीना जानिये, जहँ करनी नाहीं।।
बहु डिम्भी करनी बिना,कथि कथि करि मूए।
सन्तों कथि करनी करी,हरि के सम हूए।। श्री चरण दास जी।

अर्थः-बिना करनी के कथनी ऐसी है जैसे बिना चन्द्रमा के रात या साहस के बिना शूरवीर,नारी के बिना गहना। आचरण के बिना भाषण करते रहना तो ऐसा है जैसे कोई बाँझ स्त्री पालने मे कल्पित बालक को झुलाया करती हो। जहाँ करनी ही नहीं वहां अभीष्ट वस्तु कहां से आयेगी? कितने ही दम्भी अर्थात् केवल दिखावा करने वाले लोग करनी के बिना आत्म ज्ञान की कोरी चर्चा करते करते प्रयाण कर गये-परन्तु सन्त सत्पुरुषों का आदेश है कि जो कुछ कहो उसके अनुसार आचरण भी करो। जिन्होने भी ऐसा किया वे ब्राहृ रुप ही हो गये।

Saturday, February 20, 2016

मन अच्छा बुरा सब जानता है..

मन जानत सब बात, जानत ही औगुन करै।
काहे को कुसलात , हाथ दीप कूएँ परै।।

अर्थः-श्री कबीर साहिब फरमाते हैं कि मनुष्य का मन सभी बातों का जानकार है। वह भली प्रकार जानता है कि भलाई किसमें है और बुराई किसमें? कौन सा काम करने से लाभ होगा और किससे हानि होगी। किन्तु आश्चर्य तो इस बात का है कि सब कुछ जानता समझता हुआ भी मानव मन बुराई औगुण स्वार्थ एवं विषय लोलुपता की ओर अधिक आकृष्ट रहता है। यह तो वही बात हुई जैसे कोई हाथ में दीपक लेकर कुएँ में जा गिरे। जहाँ ऐसी अवस्था हो, वहाँ कुशलता की आशा रखना व्यर्थ है।

Friday, February 19, 2016

बहुत जनम बिछुड़े थे माधो!

बहुत जनम बिछुड़े थे माधो! एह जनम तुम्हारे लेखै।
कहैं रैदास आस लगि जीवाँ चिर भयौ दरसन पेखै।।

अर्थः-सन्त रैदास जी का कहना है हे प्रभो! मैं बहुत जन्म तक आपसे बिछुड़ा रहा और अपना प्रत्येक जन्म माया की खातिर बलिदान करता रहा। अब मेरा यह जन्म आपकी खातिर बलिदान हो, तो मेरा काम बने। ऐ मालिक! मैं आपके ही आश्रय जीवित हूँ तथा चिरकाल से आपके दर्शन की झाँकी से वञ्चित हूँ। अब यदि जीवन बलिदान करके भी आपका दर्शन उपलब्ध हो तो मेरे परम सौभाग्य।

Thursday, February 18, 2016

बिरले जल जग ऊबरै

या माया की चोट, सुर नर मुनि नहिं निस्तरै।
ले सतगुरु की ओट बिरले जन जग ऊबरै।।

अर्थः-सत्पुरुष कथन करते हैं माया की शक्ति इतनी प्रबल है कि इसकी चोट से देवता, मुनि और मानव कोई नहीं बच सका। इस प्रबल शक्ति ने समस्त संसार को अपनी लपेट में ले रखा है। इसका विस्तार लम्बा चौड़ा है और इसके प्रहार अत्यन्त गुप्त होते हैं। साधारणतया इस माया के प्रहारों से बच सकना अत्यन्त दुष्कर है। किन्तु  विरले ही ऐसे जीव संसार में होते हैं, जो सन्त सतगुरु की ओट लेकर माया के दाँव पेच से साफ बचकर निकल जाते हैं।

Wednesday, February 17, 2016

अभिमानी चढ़ि कर गिरे

अभिमानी चढ़ि कर गिरे, गये वासना माहिं।
चौरासी भरमत भये, कबहीं निकसैं नाहिं।।

अर्थः-रुप, विद्या, बल, तप कुल आदि के अभिमान में डूबे हुए पुरुष यदि कहीं ऊँची पदवी भाग्यवश पा भी जायें-तो भी उन्हें भाग्यवान न जानना। वे अभी वासनाओं के जाल में फँसे पड़े हैं। चौरासी लाख योनियाँ उनकी प्रतीक्षा कर रही हैं। वे अभागे जीव नरकों के कुण्डों में अभी डुबकियाँ खाएँगे उन्हें छुड़ाने भी कोई नहीं जायेगा। दया निधान सन्त यदि उनके कल्याण के लिये जाएँ भी तो भी वे उन्हें "न' कह देंगे। ऐसा उदण्ड होता है यह अभिमान। यह किसी के घट में पाँव जमा ले सही फिर जब तक उस जन का सर्वनाश न कर ले उसे कल नहीं पड़ती।